बाड़मेर में 24वीं राज्य स्तरीय को-ऑप स्पोर्ट्स टूर्नामेंट का रंगारंग शुभारंभ

बाड़मेर में 24वीं राज्य स्तरीय को-ऑप स्पोर्ट्स टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ, जिसमें 31 सहकारी बैंकों के 350 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल ने राजस्थानी भजन गाकर खिलाड़ियों का स्वागत किया और बाड़मेर की आतिथ्य भावना की सराहना की। एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं से शुरुआत हुई, जबकि मैराथन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आगे आयोजित होंगे।

Dec 26, 2025 - 16:35
बाड़मेर में 24वीं राज्य स्तरीय को-ऑप स्पोर्ट्स टूर्नामेंट का रंगारंग शुभारंभ

बाड़मेर। राजस्थान में सहकारी बैंक कर्मियों की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें एक मंच प्रदान करने वाले 24वें राज्य स्तरीय को-ऑप स्पोर्ट्स टूर्नामेंट का उद्घाटन शुक्रवार 26 दिसंबर 2025 को पीएम श्री महात्मा गांधी स्कूल, स्टेशन रोड पर धूमधाम से हुआ। इस तीन दिवसीय आयोजन (26 से 28 दिसंबर) में राज्य भर के 31 सहकारी बैंकों की टीमों से करीब 350 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। टूर्नामेंट का आयोजन दी स्पोर्ट्स एंड कल्चरल सोसाइटी ऑफ को-ऑपरेटिव बैंक्स इन राजस्थान (स्पैक्ट्रम) द्वारा किया जा रहा है, जिसमें 29 केंद्रीय सहकारी बैंक और दो अपेक्स बैंक शामिल हैं।

उद्घाटन समारोह में विधायकों का अनोखा स्वागत और संबोधन समारोह की मुख्य अतिथि बाड़मेर विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी और विशेष अतिथि चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल ने बाहर से आए खिलाड़ियों का स्वागत एक अनोखे अंदाज में किया। उन्होंने मंच पर राजस्थानी भजन "बलिहारी जाऊं रे, म्हारा सतगुरु आंगन आया, मैं वारी जाऊं रे" गाकर सभी का मन मोह लिया। उन्होंने भजन की पंक्तियों को खिलाड़ियों से जोड़ते हुए कहा, "यह अतिथि हमारे सब बाड़मेर के अंदर आए हैं, इसलिए मैं वारी जाऊं रे।"विधायक मेघवाल ने अपने संबोधन में बाड़मेर की मिट्टी और लोगों की आतिथ्य भावना की तारीफ की। उन्होंने कहा, "यहां कोई कर्मचारी आता है तो रोता हुआ आता है, सोचता है इतना दूर भेज दिया। लेकिन यहां आकर इतना घुल-मिल जाता है कि जाने का मन नहीं करता और रोते हुए जाता है।" उनके इस भावुक संबोधन और गीत से माहौल में जोश और उत्साह भर गया।

सम्मान समारोह और एथलेटिक्स से शुरुआत आयोजकों की ओर से अतिथियों को विशेष सम्मान दिया गया। बाड़मेर विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी, चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल, जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई और भाजपा नेता दीपक कड़वासरा को नक्काशीदार चक्र और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। उद्घाटन दिवस की प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया।टूर्नामेंट की शुरुआत एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं से हुई। इसमें पुरुष वर्ग के लिए 100 मीटर दौड़, 4x100 मीटर रिले दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक, लंबी कूद और ऊंची कूद शामिल रही। महिला प्रतिभागियों के लिए 50 मीटर दौड़, म्यूजिकल चेयर और एक मिनट की मजेदार प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। शाम को मनोरंजन के लिए अग्रवाल पंचायत भवन में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ।

आगे का कार्यक्रम दूसरे दिन शनिवार 27 दिसंबर को सुबह 7 बजे सहकारिता के नारों के साथ मैराथन दौड़ होगी। यह दौड़ अग्रवाल पंचायत भवन से शुरू होकर मेजबान बैंक के प्रधान कार्यालय तक जाएगी। इसे जिला कलेक्टर टीना डाबी और पुलिस अधीक्षक नरेन्द्रसिंह मीना हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।टूर्नामेंट का समापन रविवार 28 दिसंबर को टाउन हॉल के सभागार में शाम 3 बजे से सांस्कृतिक संध्या और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा।

Mohit Parihar Mohit Parihar is a journalist at The Khatak, covering politics and public issues with a strong focus on ground reporting and factual storytelling.