राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के संगरिया कस्बे में इन दिनों एक शादी पूरे इलाके में सुर्खियां बटोर रही है। यहां सात समंदर पार फ्रांस से एक दूल्हा अपनी बारात लेकर पहुंचा। राजस्थानी रस्मों-रिवाजों के बीच फ्रांस के रहने वाले रोमेन ने भारत की दिव्या ज्योति के साथ हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लिए। इस अनोखी शादी में शामिल होने आए विदेशी मेहमान भी भारतीय संस्कृति और राजस्थानी रंग में रंगे नजर आए।
न्यूजीलैंड में शुरू हुई थी लव स्टोरी
दिव्या ज्योति और रोमेन की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात न्यूजीलैंड में हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। इसके बाद दोनों ने अपने परिवारों की रजामंदी से हमेशा के लिए एक-दूसरे का हाथ थामने का फैसला किया और भारत आकर राजस्थानी परंपराओं के अनुसार शादी रचाई।
कौन हैं दिव्या ज्योति और रोमेन?
दिव्या ज्योति एक सेवानिवृत्त शिक्षा अधिकारी की बेटी हैं। उन्होंने अपनी बीटेक की पढ़ाई मध्य प्रदेश के ग्वालियर से पूरी की है। पढ़ाई के बाद उन्होंने गुरुग्राम में आईबीएम (IBM) और नोएडा में एचसीएल (HCL) जैसी नामी कंपनियों में नौकरी की। अपने करियर को आगे बढ़ाते हुए काम के सिलसिले में वह न्यूजीलैंड पहुंचीं, जहां उनकी जिंदगी में रोमेन की एंट्री हुई।
वहीं, फ्रांस के रहने वाले रोमेन पेशे से एक मैकेनिकल इंजीनियर हैं। भारतीय संस्कृति और राजस्थानी परंपराओं से शादी करने पर रोमेन और उनके साथ आए उनके विदेशी दोस्त व परिवार के लोग काफी खुश और उत्साहित नजर आए। इलाके के लोग भी इस देसी-विदेशी मिलन की खूब तारीफ कर रहे हैं।