पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 80 हजार रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश कल्ली उर्फ किलेदार गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है। बानमोर थाना क्षेत्र के ललितापुरा पहाड़ी के जंगलों में पुलिस और बदमाशों के बीच करीब तीन घंटे तक सीधी मुठभेड़ हुई। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश कल्ली गुर्जर के पैर में गोली लगी है। इस दौरान उसका साथी अजय गुर्जर भी घायल हो गया, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

मुरैना पुलिस लंबे समय से 80 हजार के इनामी कल्ली गुर्जर की सरगर्मी से तलाश कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि कल्ली अपने एक अन्य साथी के साथ बानमोर थाना क्षेत्र के ललितापुरा पहाड़ी के घने जंगलों में छिपा हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी बानमोर दीपेन्द्र यादव और थाना प्रभारी सिविल लाइन उदयभान सिंह के नेतृत्व में एक संयुक्त पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जंगल में घेराबंदी शुरू की।

3 घंटे तक चली मुठभेड़, पैर में लगी गोली

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, घेराबंदी के दौरान खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। जंगल के अंदर पुलिस और बदमाशों के बीच यह एनकाउंटर करीब 3 घंटे तक चला। इस सघन ऑपरेशन के दौरान पुलिस की गोली कुख्यात कल्ली गुर्जर के पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। वहीं उसका साथी अजय गुर्जर भी इस कार्रवाई में घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।

हथियारों और कारतूसों का बड़ा जखीरा बरामद

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने बदमाशों के पास से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। मौके से कुल तीन अवैध हथियार और 61 जिंदा राउंड जब्त किए गए हैं।

  • कल्ली गुर्जर के पास से: 32 बोर की एक अवैध पिस्टल, 306 बोर की एक रायफल और 49 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

  • अजय गुर्जर के पास से: 12 बोर की एक रायफल और 12 जिंदा राउंड पुलिस ने जब्त किए हैं।

20 संगीन अपराधों का था रिकॉर्ड, 9 में चल रहा था फरार

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश कल्ली गुर्जर एक आदतन और खूंखार अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, अड़ीबाजी, अवैध हथियार रखने, पुलिस पर फायरिंग करने और अवैध शराब तस्करी जैसे 20 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 9 मामलों में वह लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। उसकी इसी आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए पुलिस ने उस पर 80 हजार रुपये का भारी इनाम घोषित किया हुआ था।

फिलहाल, पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों आरोपियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने इनके खिलाफ हथियार अधिनियम और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में नया प्रकरण दर्ज कर लिया है और इनसे जुड़े अन्य आपराधिक नेटवर्क व साथियों को लेकर गहन पूछताछ और जांच की जा रही है।