तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को कुचला, गुस्साई भीड़ ने बस को लगाई आग
तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने बस को आग लगा दी। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और आग पर काबू पाया। आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी है।
जोधपुर के केरू क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। तेज रफ्तार लोक परिवहन बस ने एक बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए बस को आग के हवाले कर दिया।
हादसा लोरडी बस स्टैंड के पास हुआ। लोक परिवहन बस जोधपुर से जैसलमेर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस ने बाइक सवार राजूराम (35), पुत्र पुनाराम भील, निवासी लोरडी देजगरा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को संभलने का मौका नहीं मिला और वह सड़क पर गिरते ही दम तोड़ बैठा। बस की रफ्तार काफी तेज थी और बस स्टैंड जैसे व्यस्त इलाके में ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और ड्राइवर के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
गुस्से में आई भीड़ ने कुछ ही देर में बस में आग लगा दी। आग इतनी भयंकर थी कि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालात को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत किया, हालांकि कुछ समय तक इलाके में तनाव बना रहा।
राजीव गांधी नगर थाना अधिकारी रवींद्रपाल सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है। साथ ही कंडक्टर की भी खोजबीन की जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर लंबे समय से बसें तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। उनका कहना है कि प्रशासन की ओर से इस पर अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में नाराजगी है।