राजस्थान SI भर्ती 2021 फिर चर्चा में, दोबारा होगी परीक्षा लेकिन सभी को नहीं मिलेगा मौका
राजस्थान SI भर्ती-2021 को लेकर लंबे इंतजार के बाद बड़ा फैसला सामने आया है। परीक्षा तो दोबारा होगी, लेकिन इस बार आयोग ने ऐसा नियम लागू किया है, जिससे हजारों अभ्यर्थियों की उम्मीदों पर असर पड़ सकता है। अब सबकी नजर नई परीक्षा प्रक्रिया और तय शर्तों पर टिकी है।
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने राज्य सरकार की अनुशंसा के बाद बहुचर्चित उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2021 को आधिकारिक रूप से निरस्त कर दिया है। लंबे समय से विवादों और कानूनी प्रक्रिया में उलझी इस भर्ती परीक्षा को लेकर अब आयोग ने दोबारा परीक्षा आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी है।
आरपीएससी अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू ने बताया कि नई परीक्षा में केवल वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने वर्ष 2021 में आयोजित लिखित परीक्षा के दोनों प्रश्नपत्र दिए थे। आयोग के अनुसार ऐसे कुल 3 लाख 83 हजार 97 अभ्यर्थी दोबारा परीक्षा देने के पात्र होंगे।
16 मई से शुरू होगा आवेदन संशोधन
आयोग ने अभ्यर्थियों को आवेदन में संशोधन और जरूरी अपडेट करने का मौका देने का फैसला किया है। इसके लिए 16 मई 2026 से आवेदन सुधार प्रक्रिया शुरू होगी, जो 30 मई 2026 तक चलेगी।
इस दौरान अभ्यर्थी मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पते जैसी जानकारियों में बदलाव कर सकेंगे। साथ ही जिन अभ्यर्थियों ने अपनी एसएसओ आईडी बदल ली है, वे ‘फेच एप्लीकेशन फॉर्म’ विकल्प के जरिए पुराना आवेदन डेटा नए प्रोफाइल में ट्रांसफर कर सकेंगे।
OTR-KYC प्रक्रिया होगी अनिवार्य
आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन संशोधन से पहले अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की KYC प्रक्रिया पूरी करनी होगी। बिना KYC के आवेदन संशोधन मान्य नहीं होगा।
RPSC ने यह भी साफ किया है कि जिन अभ्यर्थियों को आवेदन में किसी प्रकार का बदलाव नहीं करना है, उन्हें भी एडिट मोड में जाकर ‘संशोधन की आवश्यकता नहीं’ वाले विकल्प की पुष्टि करनी होगी। साथ ही बायोमेट्रिक उपयोग की सहमति देना और OTP सत्यापन के बाद आवेदन सबमिट करना अनिवार्य रहेगा।
यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं करता है, तो उसका आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
2021 की स्थिति के आधार पर तय होगी पात्रता
आयोग के अनुसार अभ्यर्थियों की आयु सीमा, आरक्षण और शैक्षणिक योग्यता का निर्धारण उसी स्थिति के आधार पर होगा, जो वर्ष 2021 में आवेदन के समय लागू थी। यानी नई परीक्षा के लिए पात्रता नियमों में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
सितंबर 2026 में हो सकती है परीक्षा
गौरतलब है कि SI भर्ती-2021 के लिए 3 फरवरी 2021 को नोटिफिकेशन जारी किया गया था। कुल 859 पदों के लिए 13 से 15 सितंबर 2021 तक लिखित परीक्षा आयोजित हुई थी।
लिखित परीक्षा के बाद लगभग 20 हजार 359 अभ्यर्थियों को फिजिकल टेस्ट के लिए चयनित किया गया था, जबकि 3 हजार 291 अभ्यर्थी इंटरव्यू तक पहुंचे थे। भर्ती का फाइनल रिजल्ट 1 जून 2023 को जारी हुआ था।
हालांकि बाद में भर्ती परीक्षा में बड़े स्तर पर धांधली और पेपर लीक के आरोप सामने आए, जिसके बाद मामला अदालत पहुंच गया। हाल ही में 4 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने SI भर्ती-2021 को रद्द रखने के फैसले को बरकरार रखा था।
अब आयोग सितंबर 2026 में दोबारा परीक्षा आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। इस फैसले के बाद लाखों अभ्यर्थियों की नजर अब नई भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा तिथि पर टिकी हुई है।