बयान से पलटे खान सर; बोले- 'माहौल ऐसा था कि समझ नहीं आया, FIR में फायरिंग का जिक्र नहीं'
पटना में खान सर की कोचिंग के बाहर हुई घटना में नया मोड़ आया है। खान सर अपने फायरिंग और बम चलने के शुरुआती दावे से पलट गए हैं और जानिए क्या बोला...
पटना। बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट थाना क्षेत्र में स्थित चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हुई घटना में अब एक बड़ा और नया मोड़ आ गया है। शुरुआती बयान में अपनी कोचिंग के बाहर ताबड़तोड़ गोलीबारी का दावा करने वाले खान सर अब अपने ही बयान से पूरी तरह पलट गए हैं। वहीं दूसरी ओर, पटना पुलिस ने भी इलाके में फायरिंग की किसी भी घटना से साफ तौर पर इनकार कर दिया है।
पहले कहा 'खुद देखी गोलियां चलते', अब बयान से पलटे खान सर
मंगलवार देर रात खान सर ने मीडिया को दिए अपने शुरुआती बयान में बेहद चौंकाने वाले दावे किए थे। उन्होंने कहा था कि रात करीब 10 बजे जब संस्थान में ऑनलाइन बैच चल रहे थे, तभी अचानक हमलावरों ने कोचिंग पर हमला बोल दिया। खान सर के अनुसार, वे खुद उस वक्त मौके पर मौजूद थे और उन्होंने अपनी आंखों से 8 से 10 राउंड गोलियां चलते देखी थीं। उन्होंने यह भी दावा किया था कि हमलावरों ने बम भी चलाया, लेकिन शुरुआत में उन्हें लगा कि यह सब नॉर्मल है।