एक करोड़ दस लाख रुपए की पकड़ी स्मैक, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
करौली पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में 293 ग्राम स्मैक के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। जब्त स्मैक की कीमत 1.10 करोड़ रुपये है, और आरोपियों से 4 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए। एएसपी गुमनाराम ने प्रेस वार्ता में कार्रवाई की जानकारी दी।
करौली जिला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ 'ऑपरेशन स्मैक आउट' के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 293.09 ग्राम अवैध स्मैक के साथ तीन कुख्यात तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बारां निवासी घासीलाल (58), सवाई माधोपुर निवासी कमल मीना (21) और विकास (20) के रूप में की है। इन तस्करों से पुलिस ने 4 लाख 2,000 रुपये नकद, एक बिना नंबर की पावर बाइक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और कुडगांव थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता हासिल हुई। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी बारां से स्मैक खरीदकर सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, करौली, कुडगांव और सपोटरा क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। ये तस्कर करौली-सवाई माधोपुर सीमा के कच्चे रास्तों का इस्तेमाल कर नशे की खेप को पहुंचाते थे।