NEET-UG 2026 फीस रिफंड पोर्टल शुरू: 22.79 लाख छात्रों को लौटेंगे ₹319 करोड़, 27 मई तक भरनी होगी बैंक डिटेल

NTA ने NEET-UG 2026 अभ्यर्थियों के लिए रजिस्ट्रेशन फीस रिफंड पोर्टल शुरू कर दिया है। देशभर के 22.79 लाख छात्रों को करीब ₹319 करोड़ रिफंड किए जाएंगे। स्टूडेंट्स 27 मई तक बैंक डिटेल अपलोड कर सकते हैं।

May 24, 2026 - 11:34
NEET-UG 2026 फीस रिफंड पोर्टल शुरू: 22.79 लाख छात्रों को लौटेंगे ₹319 करोड़, 27 मई तक भरनी होगी बैंक डिटेल

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत देते हुए रजिस्ट्रेशन फीस रिफंड पोर्टल शुरू कर दिया है। इस संबंध में एजेंसी की ओर से आधिकारिक नोटिफिकेशन भी जारी किया गया है। अब देशभर के लाखों स्टूडेंट्स अपने रिफंड के लिए ऑनलाइन बैंक डिटेल्स अपलोड कर सकते हैं।

एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा के अनुसार इस प्रक्रिया से करीब 22.79 लाख छात्रों को फायदा मिलेगा। NTA को विद्यार्थियों की फीस वापस करने के लिए लगभग 319 करोड़ रुपए रिफंड करने होंगे।

27 मई तक भरनी होगी बैंक डिटेल

NTA ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को 27 मई 2026 तक अपनी बैंक जानकारी पोर्टल पर अपडेट करनी होगी। विद्यार्थी NEET-UG 2026 रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर लॉग-इन कर “Refund Link” के जरिए अपनी डिटेल्स जमा कर सकते हैं।

स्टूडेंट्स को अकाउंट होल्डर का नाम, बैंक अकाउंट नंबर, बैंक का नाम और IFSC कोड दर्ज करना होगा। इसके अलावा कैंसल चेक की स्कैन कॉपी अपलोड करने का विकल्प भी दिया गया है, हालांकि यह अनिवार्य नहीं रखा गया है।

गलत जानकारी देने पर हो सकती है परेशानी

एजुकेशन एक्सपर्ट्स ने छात्रों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि बैंक डिटेल्स भरते समय किसी भी प्रकार की गलती से रिफंड प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

NTA के अनुसार एक बार जानकारी सबमिट होने के बाद उसमें बदलाव की अनुमति नहीं होगी। ऐसे में छात्रों को अकाउंट नंबर और IFSC कोड जैसी जानकारी ध्यानपूर्वक भरनी होगी।

समय रहते पूरी करें प्रक्रिया

जिन छात्रों ने अभी तक बैंक डिटेल्स अपलोड नहीं की हैं, उन्हें अंतिम तारीख से पहले यह प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है ताकि रिफंड की राशि समय पर उनके बैंक खाते में पहुंच सके।

पिछले वर्षों में अंतिम समय पर पोर्टल पर अधिक ट्रैफिक के कारण तकनीकी समस्याएं भी सामने आई थीं। इसलिए अभ्यर्थियों से जल्द आवेदन करने की अपील की गई है।

पेपर लीक के बाद रद्द हुई थी परीक्षा

गौरतलब है कि NEET-UG 2026 परीक्षा का आयोजन 3 मई को किया गया था। इसके बाद पेपर लीक के आरोप सामने आए थे। राजस्थान के सीकर समेत कई जगहों पर एसओजी और सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारियां भी की थीं।

बाद में NTA ने भी पेपर लीक की बात स्वीकार की और परीक्षा रद्द कर दी गई। अब NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। खास बात यह है कि दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।