"जालोर में पेपर लीक का जाल: 500 से 1000 लोग जेल की सलाखों के पीछे जा सकते हैं - ADG विजय कुमार सिंह का बड़ा खुलासा"
(ADG) विजय कुमार सिंह ने जालोर जिले में पेपर लीक मामलों को लेकर सनसनीखेज बयान दिया है। शनिवार शाम को जालोर कोतवाली थाने में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जिले में अभी भी 500 से 1000 ऐसे लोग हैं, जो पेपर लीक मामलों में संलिप्त हो सकते हैं और किसी भी वक्त जेल की हवा खा सकते हैं।
जालोर रिपोर्ट जसवंत सिंह शिवकर - राजस्थान के एटीएस और एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) विजय कुमार सिंह ने जालोर जिले में पेपर लीक मामलों को लेकर सनसनीखेज बयान दिया है। शनिवार शाम को जालोर कोतवाली थाने में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जिले में अभी भी 500 से 1000 ऐसे लोग हैं, जो पेपर लीक मामलों में संलिप्त हो सकते हैं और किसी भी वक्त जेल की हवा खा सकते हैं। यह बयान जालोर के दो दिवसीय दौरे के दौरान आया, जहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कॉन्स्टेबलों के साथ सम्पर्क सभा भी की।
जालोर में ADG का व्यस्त दिन
शनिवार को सुबह 8 बजे ADG विजय कुमार सिंह ने पुलिस लाइन ग्राउंड में पुलिस परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद सुबह 11 बजे पुलिस लाइन हॉल में कॉन्स्टेबलों और अधिकारियों के साथ एक सम्पर्क सभा आयोजित की गई। इस सभा में ड्यूटी के दौरान आने वाली समस्याओं पर चर्चा हुई और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। शाम 5 बजे कोतवाली थाने में सीएलजी (सिटीजन लाइजन ग्रुप) की बैठक ली गई, जिसमें स्थानीय स्तर पर सुरक्षा और अपराध से निपटने की रणनीतियों पर विचार-विमर्श हुआ।