पेट्रोल महंगा हुआ तो शख्स ने छोड़ दी मर्सिडीज, अब खिलौने वाली कार में घूम रहा
जॉर्जिया के एक व्यक्ति ने महंगे पेट्रोल से बचने के लिए अपनी मर्सिडीज छोड़ दी और कूड़े में मिली गुलाबी बार्बी टॉय कार को असली गाड़ी में बदलकर रोजाना चलाना शुरू कर दिया।
दुनियाभर में बढ़ती पेट्रोल कीमतों का असर अब लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर साफ दिखाई देने लगा है। अमेरिका के जॉर्जिया राज्य से एक ऐसा ही अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने महंगे ईंधन से परेशान होकर अपनी लग्जरी कार छोड़ दी और उसकी जगह खिलौने जैसी दिखने वाली गुलाबी “बार्बी कार” को अपनी सवारी बना लिया।
जॉर्जिया निवासी माली हाईटावर पेशे से हैंडीमैन हैं। उन्होंने कूड़े में फेंकी गई एक टूटी-फूटी बच्चों की खिलौना कार को देखा और उसे नया रूप देने का फैसला किया। कुछ समय की मेहनत और तकनीकी बदलावों के बाद वही खिलौना कार अब सड़क पर दौड़ने वाली असली मिनी गाड़ी बन चुकी है।
महंगे पेट्रोल ने बदली जिंदगी
माली के पास 1996 मॉडल की मर्सिडीज-बेंज कन्वर्टिबल कार है। उनका कहना है कि इस कार का पेट्रोल टैंक फुल कराने में करीब 7,500 रुपये तक खर्च हो जाते हैं। लगातार बढ़ते ईंधन खर्च के कारण उन्होंने कोई सस्ता विकल्प तलाशना शुरू किया।
इसी दौरान उन्हें यह खिलौना कार मिली और उन्होंने इसे रोजमर्रा की यात्रा के लिए उपयोग करने का फैसला कर लिया। अब वे इसी मिनी गुलाबी कार में बाजार, काम और आसपास की जगहों पर आते-जाते हैं।
खिलौना कार को बनाया असली वाहन
माली हाईटावर ने इस छोटी कार में पावर वॉशर का गैस इंजन फिट किया। इंजन लगाने के बाद कार को इस तरह मॉडिफाई किया गया कि यह सड़क पर चल सके। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह मिनी कार करीब 35 मील प्रति घंटे यानी लगभग 56 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकती है।
गुलाबी रंग और बार्बी स्टाइल डिजाइन की वजह से यह कार जहां भी जाती है, लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लेती है। सोशल मीडिया पर भी इसकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ अनोखा जुगाड़
लोग इस अनोखे आइडिया को “क्रिएटिव” और “फ्यूल सेविंग हैक” बता रहे हैं। कई यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में कहा कि आने वाले समय में महंगे पेट्रोल के कारण लोग इसी तरह की छोटी और सस्ती गाड़ियों की तरफ रुख कर सकते हैं।
हालांकि कुछ लोगों ने सुरक्षा को लेकर सवाल भी उठाए हैं, लेकिन माली का कहना है कि उनकी यह छोटी कार कम दूरी तय करने के लिए पूरी तरह उपयोगी है और इससे उनका पेट्रोल खर्च काफी कम हो गया है।