युवक से दरिंदगी का सनसनीखेज मामला: चचेरे भाइयों ने बनाया वीडियो, वायरल कर किया ब्लैकमेल
एक युवक के साथ उसके चचेरे भाइयों द्वारा दरिंदगी कर वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। 2023 की इस घटना का वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को डिटेन कर लिया है और जांच जारी है।
बाड़मेर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक 30 वर्षीय युवक के साथ उसके ही चचेरे भाइयों ने दरिंदगी की। आरोप है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने उसका वीडियो भी बना लिया और लंबे समय तक उसे ब्लैकमेल करते रहे।
पीड़ित युवक ने मंगलवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। उसने बताया कि साल 2023 में उसके चचेरे भाइयों ने मिलकर उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उन्होंने घटना का वीडियो बनाकर उसे डराया कि अगर उसने किसी को बताया तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे।
आरोपी लगातार उसे इसी वीडियो के जरिए दबाव में रखते रहे। हाल ही में दो दिन पहले आरोपियों ने वह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद मामला सामने आया। वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी के अनुसार, पीड़ित के बयान दर्ज किए गए हैं और उसका मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया है। साथ ही घटना स्थल का मुआयना किया गया है। शुरुआती जांच के आधार पर तीन आरोपियों को डिटेन कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी और पीड़ित सभी आपस में रिश्तेदार हैं और शादीशुदा हैं। पुलिस को घटना से जुड़े चार वीडियो भी मिले हैं, जिनमें पीड़ित आरोपियों से उसे छोड़ देने की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे और कौन-कौन शामिल हो सकते हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।